बाइडन के यात्रा स्थगित करने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने क्वाड नेताओं की बैठक रद्द की

As Tech in Life
0

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के ऑस्ट्रेलिया की अपनी यात्रा को स्थगित करने के बाद प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने 24 मई को सिडनी में होने वाली क्वाड नेताओं की बैठक को बुधवार को रद्द कर दिया. उन्होंने इस सप्ताहांत जापान में होने वाले जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित समूह के चार नेताओं के मिलने का संकेत दिया. बाइडन ने मंगलवार को घोषणा की कि थी वह अपनी ऑस्ट्रेलिया, पापुआ न्यू गिनी की यात्रा को रद्द करेंगे.

इतिहास में पहली बार अमेरिकी ऋण अदायगी में चूक को रोकने के लिए बाइडन विपक्षी दल रिपब्लिकन पार्टी से इस मुद्दे पर चर्चा करने वाले हैं और उन्होंने अनिश्चितता एवं गंभीर व्यापक बातचीत का हवाला देते हुए अपनी ऑस्ट्रेलिया यात्रा रद्द करने का फैसला किया है. अल्बनीज ने न्यू साउथ वेल्स के ट्वीड हेड्स शहर में कहा, ‘‘सिडनी में क्वाड नेताओं की बैठक अगले सप्ताह नहीं होगी.''

अल्बनीज ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, भारत और जापान के नेता अब इस सप्ताह के अंत में जापान के हिरोशिमा में होने वाले जी7 शिखर सम्मेलन में मुलाकात करेंगे. उन्होंने कहा, ‘‘जापान में क्वाड नेताओं के बीच चर्चा होगी. मैं प्रधानमंत्री (फुमियो) किशिदा को जी7 में भाग लेने के लिए मुझे निमंत्रण देने के लिए धन्यवाद देता हूं. क्वाड एक महत्वपूर्ण निकाय है और हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि यह नेतृत्व के स्तर पर हो और हम सप्ताहांत में इस पर चर्चा करेंगे.''

अल्बनीज ने कहा, ‘‘इसे एक जून से पहले हल करना होगा - अन्यथा अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए काफी गंभीर परिणाम होंगे जिसका वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ेगा. उन्हें विवेकपूर्ण तरीके से कोई फैसला लेना होगा.'' प्रधानमंत्री ने कहा कि बाइडन इस बात से ‘‘खुश नहीं'' हैं कि वह ऑस्ट्रेलिया नहीं आ पा रहे हैं इसलिए क्वाड नेताओं ने इसके बजाय हिरोशिमा में जी-7 देशों के नेताओं के सम्मेलन से इतर बैठक का फैसला किया है.

अल्बनीज ने कहा, ‘‘सभी चारों नेता - राष्ट्रपति जो बाइडन (अमेरिका), प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा (जापान), प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (भारत) और मैं शनिवार और रविवार को हिरोशिमा में होने वाली जी-7 की बैठक में रहेंगे. हम उस दौरान मुलाकात की कोशिश कर रहे हैं और मैं राष्ट्रपति बाइडन के साथ द्विपक्षीय चर्चा भी करने वाला हूं.'' उन्होंने कहा कि उनके भारतीय समकक्ष क्वाड नेताओं की बैठक रद्द होने के बावजूद अगले सप्ताह ऑस्ट्रेलिया की यात्रा करेंगे और वह उनका स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं.

अल्बनीज से पूछा गया कि 24 मई को सिडनी में प्रस्तावित क्वाड नेताओं की बैठक रद्द होने के बाद भी प्रधानमंत्री मोदी सिडनी आयेंगे या नहीं, इस पर उन्होंने कहा कि मोदी ऑस्ट्रेलिया की यात्रा पर आयेंगे. अल्बनीज ने ब्रिस्बेन में ‘एबीसी रेडियो' से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी मेरे साथ द्विपक्षीय बैठक के लिए अगले सप्ताह यहां आयेंगे.'' उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी व्यापारिक बैठकें भी करेंगे और सिडनी में ओलंपिक स्थल होमबश में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगे. उन्होंने कहा, ‘‘मैं सिडनी में उनका स्वागत करने के लिए उत्सुक हूं.''

उन्होंने संकेत दिया कि बाइडन की घोषणा के मद्देनजर जापान के प्रधानमंत्री किशिदा अपनी यात्रा रद्द करेंगे. उन्होंने कहा, ‘‘किशिदा केवल क्वाड बैठक में शामिल होने के लिए आ रहे थे. कोई अलग द्विपक्षीय कार्यक्रम नहीं था.''

ये भी पढ़ें- 



from NDTV India - Latest https://ift.tt/yoKEFZx
https://ift.tt/sfkproT May 18, 2023 at 12:56AM
Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top