झारखंड की राजधानी रांची में पांच माओवादियों ने सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. इनमें से दो नक्सलियों पर कुल 15 लाख रुपये का इनाम था. आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों में ‘जोनल कमांडर' अमरजीत यादव उर्फ लखन यादव, ‘सब जोनल कमांडर' शाहदेव यादव उर्फ लतन यादव, ‘सब जोनल कमांडर' नीरू यादव उर्फ सालिम,‘सब जोनल कमांडर' संतोष भुइयां उर्फ सुखन और सदस्य अशोक बैगा उर्फ अशोक परहिया शामिल हैं. इनमें से अमरजीत यादव पर दस लाख तथा शाहदेव यादव पर पांच लाख रुपये का इनाम था.
पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) अमोल वी होमकर ने कहा, ‘‘ये पांचों माओवादी झारखंड के चतरा, पलामू और हजारीबाग जिलों तथा बिहार के गया और औरंगाबाद जिलों के विभिन्न थानों में दर्ज मामलों में वांछित थे.” उन्होंने बताया कि अमरजीत की 81 मामलों में,शाहदेव की 53, नीरू की 60, संतोष की 27 और अशोक की दो मामलों में तलाश थी. चरमपंथी झारखंड के चतरा जिले में कौलेश्वरी उपजोन में सक्रिय थे.
उन्होंने कहा, ‘‘ सुरक्षा बल क्षेत्र में उग्रवादियों के खिलाफ पिछले एक वर्ष से अभियान चला रहे थे. आज के आत्मसमर्पण के बाद कौलेश्वरी उप जोन उग्रवादियों के चंगुल से लगभग मुक्त हो गया है. '' उन्होंने कहा कि माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद बरामद किया गया है. होमकर ने कहा, “ दो एके 56 राइफल, एक एसएलआर राइफल, एक इंसास राइफल, दो .303 राइफल, एक अमेरिका में बनी राइफल, एक एयर गन, दो देसी राइफल, एक पिस्तौल, 1855 गोलियां और अन्य विस्फोटक बरामद किए गए हैं.”
इस बीच, लातेहार जिले से दो लाख रुपये के इनामी भाकपा माओवादी के एक 'क्षेत्र कमांडर' को गिरफ्तार किया गया है. लातेहार के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंजनी अंजन ने कहा कि माओवादी कजलेश गंझू लातेहार, गुमला और लोहरदगा के अलग अलग थानों में दर्ज 24 मामलों में वांछित था जिसमें हत्या के मामले भी शामिल हैं. उन्होंने बताया कि उसे रविवार देर रात राजधानी रांची से करीब 80 किलोमीटर दूर हेसला से गिरफ्तार किया गया है. एसपी ने कहा कि उसके पास से एक देसी तमंचा और पांच कारतूस बरामद किए गए हैं. उनके मुताबिक, वह चंदवा के लुकैया मोड़ में एक पुलिस दल पर हमला करने में शामिल था.
ये भी पढ़ें-
- "कर्नाटक में बनेगी BJP की पूर्ण बहुमत की सरकार" : केंद्रीय मंत्री अमित शाह का दावा
- बीजेपी ने सोनिया गांधी की शिकायत चुनाव आयोग से की, कर्नाटक में किया था 'संप्रभु' शब्द का इस्तेमाल
- गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया हत्याकांड : हाईकोर्ट ने अधिकारियों से पूछा, जेल में 4 चाकू कहां से आए ?
from NDTV India - Latest https://ift.tt/nyseNAw
https://ift.tt/8pWMXzU May 08, 2023 at 11:19PM