दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में बारिश, आंधी के साथ फुहारें पड़ते रहने का अनुमान

As Tech in Life
0

दिल्ली एनसीआर के विभिन्न इलाकों में शुक्रवार को बारिश हुई. सुबह से रुक रुककर फुहारें पड़ने का सिलसिला शुरू हुआ जो कि दिन भर चला. बीच-बीच में धूप निकली लेकिन कुछ ही अंतराल के बाद फिर फुहारें पड़नें लगीं. शाम को बारिश ने थोड़ी तेजी पकड़ ली और सड़कों पर से गुजरते राहगीरों को भिगो दिया. आधी रात तक फुहारें पड़ने का सिलसिला जारी है. दिल्ली की सफदरजंग वेधशाला ने आज सुबह 8:30 से रात 8:30 बजे के दौरान 12 घंटों में 2.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली एनसीआर में बारिश और आंधी जारी रहेगी. 

दिल्ली के कई हिस्सों में शुक्रवार को बादलों की गरज और बिजली के चमकने के साथ हल्की बारिश हुई जिससे राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों में मौसम खुशनुमा हो गया. लक्ष्मी नगर, आईटीओ, मंडी हाउस, जोर बाग, लाजपत नगर और उत्तरी दिल्ली में हल्की बारिश हुई.

इससे पहले भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली और कंझावला, मुंडका, जाफरपुर, नजफगढ़, पालम, गुरुग्राम, मानेसर, हांसी, मेहम, रोहतक तथा भिवानी सहित आसपास के क्षेत्रों में गरज के साथ छींटे पड़ने और 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया था.

सरकार की वायु गुणवत्ता पूर्वानुमान एजेंसी ‘सफर' से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में सुबह करीब साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 75 प्रतिशत दर्ज की गई और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQIX) सुबह करीब नौ बजे मध्यम (115) श्रेणी में दर्ज किया गया. शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में माना जाता है.

राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश

राजस्थान के कई हिस्सों में गुरुवार से शुक्रवार के दौरान हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटे के दौरान अलवर के थानागाजी में 29 मिलीमीटर, बाड़मेर के चौहटन के 18 मिलीमीटर, बीकानेर के पूगल में 12 मिमी, झुंझुनूं के खेतड़ी में 15 मिमी, भरतपुर के बयाना में आठ मिमी, झुंझुनूं के नवलगढ़ में सात मिमी, भरतपुर के वैर में छह मिमी और अन्य कई हिस्सों में पांच मिमी से एक मिमी तक बारिश दर्ज की गई.

शुक्रवार को सुबह से शाम तक झुंझुनूं के पिलानी में 6.2 मिमी, हनुमानगढ़ के संगरिया में 1.5 मिमी, और चूरू में बूंदाबांदी दर्ज की गई. मौसम विभाग ने आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है. शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस से लेकर 34.7 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. वहीं, न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस से लेकर 22.3 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया.



from NDTV India - Latest https://ift.tt/gLNjrHJ
https://ift.tt/jcPBHGD March 24, 2023 at 11:38PM
Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top