दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को उपराज्यपाल वी के सक्सेना को ‘‘मेहमान'' बताया और कहा कि वह ‘‘दिल्ली के बारे में कुछ नहीं जानते.''केजरीवाल ने सक्सेना से राष्ट्रीय राजधानी के विकास के लिए आम आदमी पार्टी (आप) नीत सरकार के साथ मिलकर काम करने का आग्रह किया.
केजरीवाल ने सक्सेना पर उनकी सरकार की विभिन्न पहल में बाधा डालने के लिए भी हमला किया, लेकिन जोर दिया कि तमाम बाधाओं के बावजूद सरकार अच्छा काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने दिल्ली विधानसभा में कहा, ‘‘शिक्षकों के फिनलैंड प्रशिक्षण में देरी हुई, इससे किसे लाभ हुआ? किसी को भी नहीं. दिल्ली संवाद और विकास आयोग के उपाध्यक्ष जस्मीन शाह के कार्यालय को सील कर दिया गया. वहां पिछले छह महीनों से ताला लगा हुआ है. इससे किसे फायदा हुआ? किसी को भी नहीं.''
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इस वजह से बजट पेश करने में देरी हुई. लेकिन, बाद में वही बजट बिना किसी बदलाव के पारित कर दिया गया. उपराज्यपाल अब बिजली सब्सिडी वापस लेने की योजना बना रहे हैं.'' उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन काम हुआ है.
केजरीवाल ने कहा, ‘‘हमने सिर्फ सुगम व्यवस्था बनाने का काम किया. कड़ी मेहनत शिक्षकों ने की. उनमें यह जज्बा विदेश में मिले प्रशिक्षण से आया. कुछ प्रधानाध्यापकों को दिसंबर और मार्च में विदेश जाना था, लेकिन उपराज्यपाल ने उनकी यात्रा रोक दी। इससे किसे फायदा हुआ?''
‘आप' प्रमुख ने उपराज्यपाल से सरकार के साथ सहयोग करने और दिल्ली के विकास के लिए मिलकर काम करने का आग्रह किया.
from NDTV India - Latest https://ift.tt/IdS6cnT
https://ift.tt/jcPBHGD March 24, 2023 at 11:21PM