भारतीय पुलिस सेवा के एक अधिकारी द्वारा एक व्यवसायी से पैसे मांगने का पुराना वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या वह इस अधिकारी के खिलाफ ‘‘बुलडोजर'' चलाएंगे.
वीडियो आने के बाद संबंधित अधिकारी के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं.
आईपीएस अधिकारी अनिरुद्ध सिंह का एक कथित वीडियो रविवार को मीडिया में आया जिसमें वह वीडियो कॉल पर किसी से 20 लाख रुपये की व्यवस्था करने के लिए कहते नजर आ रहे हैं. उक्त वीडियो उस समय का बताया जा रहा है जब सिंह मेरठ जिले में तैनात थे.
हालांकि, मेरठ पुलिस ने ट्विटर पर अपने जवाब में कहा है, 'यह वीडियो दो साल से अधिक पुराना है और इसका मेरठ से कोई संबंध नहीं है. मामले की जांच पूरी कर ली गई है.'
उप्र में एक आईपीएस की वसूली के इस वीडियो के बाद क्या बुलडोज़र की दिशा उनकी तरफ़ बदलेगी या फिर फ़रार आईपीएस की सूची में एक नाम और जोड़कर संलिप्त भाजपा सरकार ये मामला भी रफ़ा-दफ़ा करवा देगी।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) March 12, 2023
उप्र की जनता देख रही है कि ये है अपराध के प्रति भाजपा की झूठी ज़ीरो टालरेंस की सच्चाई। pic.twitter.com/JsMAhzRFPU
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मामले पर सरकार को घेरते हुए ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने कहा, ‘‘उप्र में एक आईपीएस की वसूली के इस वीडियो के बाद क्या बुलडोज़र की दिशा उनकी तरफ़ बदलेगी या फिर फ़रार आईपीएस की सूची में एक नाम और जोड़कर संलिप्त भाजपा सरकार ये मामला भी रफ़ा-दफ़ा करवा देगी.'
उन्होंने 10 सेंकेंड का एक वीडियो क्लिप साझा करते हुए लिखा है, ‘‘उत्तर प्रदेश की जनता देख रही है कि यह है अपराध के प्रति भाजपा की झूठी ज़ीरो टालरेंस की सच्चाई.''
इस बीच उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, ‘‘मेरठ जिले में एसपी ग्रामीण के पद पर नियुक्त आईपीएस अधिकारी अनिरुद्ध सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे वीडियो कॉल के जरिए एक व्यक्ति से बातचीत करते नजर आ रहे हैं. उक्त वीडियो के आधार पर सिंह पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे हैं.'
अनिरुद्ध सिंह इस वक्त वाराणसी में तैनात हैं.
बयान में कहा गया है, 'यह मामला दो साल पुराना है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने आयुक्त वाराणसी से इस बारे में पूछा है और तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी है.'
एक अन्य ट्वीट में आरोप लगाया गया है कि सिंह की पत्नी ने मकान मालिक को किराया नहीं दिया है. इस मामले की भी जांच शुरू की गई है.
पुलिस महानिदेशक कार्यालय के मुताबिक वाराणसी में वरुण आरोन की पुलिस उपायुक्त के रूप में तैनात आईपीएस अधिकारी आरती सिंह के बारे में एक ट्वीट प्राप्त हुआ है जिसमें आरोप लगाया गया है कि उन्होंने अपने मकान मालिक को फ्लैट का किराया नहीं दिया है.
पुलिस महानिदेशक कार्यालय के अनुसार, ‘‘आरती सिंह अनिरुद्ध सिंह की पत्नी हैं. इस संबंध में जानकारी करने पर पता चला है कि आरती ने मकान का किराया चुका दिया है और कोई बकाया नहीं है, लेकिन इस मामले में भी पुलिस ने मुख्यालय ने आयुक्त वाराणसी से मामले की जांच करने और तीन दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट देने को कहा है.'
from NDTV India - Latest https://ift.tt/DVjZXe7
https://ift.tt/BWDUqOy March 12, 2023 at 11:52PM