'प्रचंड गर्मी' लोगों को कर रही परेशान, यूपी में पारा 44 डिग्री के पार; हमीरपुर और प्रयागराज रहे सबसे गर्म

As Tech in Life
0

देशभर में पारा तेज़ी से ऊपर जा रहा है. 'प्रचंड गर्मी' लोगों को परेशान कर रही है. देश के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के कारण ‘लू' की स्थिति बनी रही. इस दौरान उत्तर प्रदेश के हमीरपुर और प्रयागराज में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह लगातार चौथा दिन है जब अधिकतम तापमान दिल्ली में 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है. पूसा और पीतमपुरा क्षेत्रों में ‘लू' की स्थिति बनी रही, वहां अधिकतम तापमान क्रमश: 41.6 डिग्री से 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि बुधवार को बादल छाए रहने और हल्की बारिश से शहर में गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.

हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
आईएमडी ने कहा कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मंगलवार से उत्तर पश्चिमी मैदानी इलाकों में हल्की बारिश होने का अनुमान है. इस महीने की शुरुआत में मौसम विभाग कार्यालय ने उत्तर-पश्चिम और प्रायद्वीपीय क्षेत्रों को छोड़कर अप्रैल से जून तक देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान के सामान्य से अधिक रहने का अनुमान व्यक्त किया था. इस अवधि के दौरान मध्य, पूर्व और उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक गर्म हवा चलने दिनों की उम्मीद है.

बिहार के इन शहरों में दो दिन तक चलेगी लू
मौसम विभाग ने बिहार के पटना, बांका, जमुई, नवादा, औरंगाबाद, सुपौल और कई अन्य जिलों में मंगलवार से दो दिनों तक ‘लू' चलने की चेतावनी के साथ ‘नारंगी' अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा, राज्य के बेगूसराय, नालंदा, गया, अरवल, भोजपुर, रोहतास, बक्सर, खगड़िया और मुंगेर क्षेत्रों में भी ‘येलो' चेतावनी जारी की गई है.

लोगों को घर से बाहर न निकलने की सलाह
बिहार आपदा प्रबंधन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “लोगों को गर्मी से बचने के लिए बाहर न निकलने की सलाह दी जाती है.” मौसम विभाग की ओर से ‘मौसम की चेतावनी' के लिए चार रंग कोड - हरा (किसी कार्रवाई की आवश्यकता नहीं), पीला (देखें और सतर्क रहें), नारंगी (तैयार रहें) और लाल (कार्रवाई करें) का उपयोग करता है.

बंगाल में भी गर्मी से बेहाल लोग
पश्चिम बंगाल के बांकुरा में उच्चतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी कोलकाता में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

हरियाणा और पंजाब में गर्मी की स्थिति
हरियाणा और पंजाब में गर्मी की स्थिति बनी हुई है और दोनों राज्यों के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है. मौसम विभाग की एक रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा के हिसार में भीषण गर्मी पड़ रही है और वहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. करनाल में भी दिन गर्म रहा और अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

अंबाला में अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री
अंबाला में अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस, नारनौल में 40.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि भिवानी में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पंजाब के बठिंडा में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अमृतसर में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

प्रयागराज और हमीरपुर सबसे गर्म
उत्तर प्रदेश स्थित प्रयागराज और हमीरपुर 44.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहे. मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश/गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

राजस्थान में भी चढ़ा पारा
रेगिस्तानी राज्य राजस्थान में चित्तौड़गढ़ सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद कोटा में 42.8 डिग्री सेल्सियस, बांसवाड़ा में 42.7 डिग्री सेल्सियस, फलोदी में 42.2 डिग्री सेल्सियस, धौलपुर में 42 डिग्री सेल्सियस, अलवर और सवाई माधोपुर में 41.7-41.7 डिग्री सेल्सियस, टोंक में 41.6 डिग्री सेल्सियस, चुरू और पिलानी में 41.4-41.4 डिग्री सेल्सियस, बाड़मेर में 41.2 डिग्री सेल्सियस और जयपुर में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि, मौसम विभाग ने 19 और 20 अप्रैल को जोधपुर और बीकानेर संभागों और जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभागों में हल्की बारिश और आंधी की भविष्यवाणी की है. इसने अगले दो दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट का भी अनुमान जताया है.

हिमाचल में कई इलाकों में बारिश
चिलचिलाती धूप से परेशान हिमाचल के निचले पहाड़ी इलाकों के लोगों को कुछ राहत मिली, क्योंकि कई स्थानों पर हल्की बारिश के बाद अधिकतम तापमान में कुछ डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई. ऊना में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि धौलाकुआं सबसे गर्म क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. लोकप्रिय पर्यटन स्थलों शिमला, मनाली, धर्मशाला और नारकंडा में अधिकतम तापमान क्रमश: 25.4 डिग्री सेल्सियस, 21 डिग्री सेल्सियस, 28.2 डिग्री सेल्सियस और 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

आंध्र प्रदेश में भी भीषण लू
आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) ने मंगलवार को राज्य के एक मंडल में भीषण लू की स्थिति और 117 और मंडलों में लू की स्थिति का अनुमान लगाया है. आपदा प्रबंधन विभाग ने एक बयान में कहा, “जबकि अल्लुरी सीताराम राजू जिले में सात मंडल, अनाकापल्ली में 16, पूर्वी गोदावरी में चार, एलुरु, पलनाडू, विशाखापत्तनम और नंद्याला में दो-दो, गुंटुरु में छह और कृष्णा में 10 मंडलों में लू चलने की संभावना है.” इसमें दिन की शुरुआत में कहा कि 117 मंडलों में से अल्लूरी सीताराम राजू जिले के चिंटूर और नेल्लीपाका में मंगलवार को तापमान क्रमश: 44.7 डिग्री और 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने की संभावना है. 

कश्मीर के कुछ इलाकों में हिमपात
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि कश्मीर के ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में एक बार फिर हिमपात हुआ, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश हुई. नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास माछिल में करीब तीन इंच बर्फबारी दर्ज की गई. उन्होंने बताया कि श्रीनगर शहर सहित मैदानी इलाकों में रातभर बारिश हुई जिससे तापमान में गिरावट आई. मौसम विभाग ने मंगलवार शाम तक रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की संभावना जताई है. इसने कहा कि बुधवार को कई स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश या ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. इस बारिश के दौरान, 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गरज के साथ छींटे और जम्मू-कश्मीर में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है.

ओडिशा में अधिकतम तापमान 40 के पार
ओडिशा में मंगलवार को कम से कम 29 स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि बारीपाड़ा और झारसुगुड़ा राज्य के सबसे गर्म स्थान रहे, जहां अधिकतम तापमान 44.2-44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य के बोलांगीर और बौध में अधिकतम तापमान 43.7-43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद नुआपाड़ा में 43.6 डिग्री सेल्सियस, टिटलागढ़ और सोनपुर में 43.2-43.2 डिग्री सेल्सियस, अंगुल में 43.1 डिग्री सेल्सियस तथा सुंदरगढ़ और संबलपुर में 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य की राजधानी भुवनेश्वर और पास के कटक में अधिकतम तापमान क्रमश: 42.7 और 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आईएमडी ने अपने बुलेटिन में कहा कि अगले दो-तीन दिनों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा.

नवी मुंबई में हीट स्ट्रोक से अब तक 14 की मौत
इस बीच, नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि 34 वर्षीय एक महिला की मौत के बाद नवी मुंबई में ‘महाराष्ट्र भूषण' पुरस्कार समारोह में लू लगने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई, जबकि सात मरीजों का इलाज चल रहा है.

ये भी पढ़ें:-

हीट वेव अलर्ट: बच्चे और बुजुर्ग ना हो जाएं बीमार, अभी से बरतें ये सावधानियां!

गर्मी का कहर, मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए जारी की ‘लू' की चेतावनी

हीट वेव की चपेट में कई शहर, पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार; जानिए मौसम का हाल



from NDTV India - Latest https://ift.tt/NSM4yY7
https://ift.tt/gz9QaL6 April 19, 2023 at 01:28AM
Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top